“हरित जहर” का नेटवर्क ध्वस्त : यूपी और जबलपुर के दो तस्कर 11 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

दमोह/पथरिया। गांजे की खेप लेकर रेलवे स्टेशन से बोतराई रोड की ओर निकल रहे दो आरोपियों को पथरिया पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी में दोनों के कब्जे से 11 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 22 हजार 650 रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक 1 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति गांजे की खेप लेकर पथरिया रेलवे स्टेशन से बोतराई रोड की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पथरिया पुलिस सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्धों की गतिविधियां और बढ़ गईं, जिसके बाद टीम ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान भगत सिंह रजक पिता सरमन सिंह रजक, निवासी ग्राम कुसली, थाना बेलखेड़ा, जिला जबलपुर और नाजिम पिता फारुक खान, निवासी नाहल मसूली, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान भगत सिंह के कब्जे से 4 किलो 150 ग्राम और नाजिम के कब्जे से 7 किलो गांजा बरामद हुआ।
कुल 11 किलो 150 ग्राम गांजा जब्त कर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां खपाया जाना था।
मुखबिर की सूचना पर एक्शन, टीम ने घेरा
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में एएसपी सुजीत सिंह भदौरिया, एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महेन्द्र कुमार जगेत की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
कार्रवाई में उनि. एसएस दुबे, सउनि अलजार सिंह, प्रआर. बाबू सिंह मरावी, प्रआर. नरेन्द्र यादव सहित आरक्षक नवीन बैन, कपिल, नंदकिशोर, राहुल, संदीप, अमन, अनुराग, विनोद, मणीवालेप्पा और अमित शामिल रहे।







