देश

कटनी पहुंची मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत मिली तीन यात्री बसें, कैमोर, बाकल और सलैया से कटनी के लिए संचालित होंगी

कटनी, यशभारत। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत कटनी जिले के लिए मिलीं तीन सार्वजनिक यात्री बसें कटनी पहुँच गई है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की इन बसों से कटनी वासियों को भरोसेमंद, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सेवा की सौगात मिली है।
जिले में इन बसों का संचालन दीनदयाल कटनी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। इसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के अध्यक्ष कलेक्टर आशीष तिवारी तथा मुख्य संचालन अधिकारी श्री योगेश पवार हैं। महापौर एवं निगमायुक्त इसके मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। मुख्य संचालन अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत जिले में तीन बसों का संचालन निर्धारित मार्गों पर किया जाएगा। इन नई तकनीक वाली बसों में से एक बस कैमोर से कटनी तक करीब 42 किलोमीटर लंबे मार्ग पर विजयराघवगढ़, देवरा और कन्हवारा होते हुए संचालित की जाएगी।
इसी तरह एक बस बाकल से कटनी मार्ग पर पटना, सलैया, रीठी, मगरधा, इमलिया और खरखरी होते हुए चलेगी। इसके अलावा एक बस सलैया से कटनी मार्ग पर संचालित होगी। यह बस सलैया, पाली, लालपुर, रीठी, मोहास, मगरधा, इमलिया और खरखरी होते हुए कटनी पहुंचेगी।
इन बस सेवाओं के संचालन से जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के नागरिकों को जिला मुख्यालय तक आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे नागरिकों को अपने दैनिक कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा होगी।

पैनिक बटन और जीपीएस से बढ़ेगी सुरक्षा

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा में यात्रियों की सुरक्षा और बसों की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। बसों में पैनिक बटन और जीपीएस की सुविधा उपलब्ध है। जीपीएस के माध्यम से बसों की लाइव लोकेशन की निगरानी की जा सकेगी। वहीं आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में काम करेगा। इन तकनीकी सुविधाओं के माध्यम से बस संचालन की निगरानी के साथ यात्रियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है।IMG 20261001 WA1146

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button