मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से डॉ. चंद्रेश शुक्ला ने की भेंट : इंडो यूके हेल्थ केयर सहयोग पर हुई चर्चा

भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य दंत परिषद के अध्यक्ष डॉ. चंद्रेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर प्रदेश के दंत चिकित्सकों के हित, दंत चिकित्सा क्षेत्र के विकास तथा आगामी Indo-UK Healthcare Conclave के संबंध में चर्चा की।
भेंट के दौरान डॉ. शुक्ला ने मुख्यमंत्री को परिषद द्वारा प्रदेश के लगभग 15,000 दंत चिकित्सकों के लिए शुरू की गई “कर्मयोगी जीवन सुरक्षा योजना”, जिसके अंतर्गत 3 लाख तक की जीवन बीमा सुरक्षा बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध कराई गई है, सहित परिषद की विभिन्न पहलों की जानकारी दी।
डॉ. शुक्ला ने मुख्यमंत्री को युवा दंत चिकित्सकों के साथ “दंत चिकित्सक संवाद’ आयोजित करने की प्रस्तावित योजना से भी अवगत कराया, जिसमें प्रदेश के लगभग 1,000 युवा दंत चिकित्सक एवं दंत चिकित्सा विद्यार्थी शामिल होंगे।
इस अवसर पर डॉ. चंद्रेश शुक्ला की धर्मपत्नी डॉ. देवश्री शुक्ला भी उपस्थित रहीं। उन्होंने मध्य प्रदेश राज्य दंत परिषद द्वारा दंत चिकित्सकों की सुरक्षा, कल्याण एवं व्यावसायिक विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
बैठक में 11 अक्टूबर को यूके से आने वाले उच्चस्तरीय स्वास्थ्य प्रतिनिधिमंडल के मुख्यमंत्री से प्रस्तावित संवाद तथा मध्य प्रदेश के साथ चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण, रिसर्च, डिजिटल हेल्थ एवं अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश के दंत चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा देने तथा इसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने के लिए परिषद निरंतर प्रयासरत है।दंत चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य को मजबूत करना ही परिषद की प्राथमिकता है।







