यशभारत ब्रेकिंग : गणेश पंडाल में चल रहा था जुआ फड़, पुलिस ने मारा छापा; सात गिरफ्तार

जबलपुर,यशभारत। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में रानीताल गेट नंबर-1 के पास गणेश पंडाल में चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने मंगलवार तड़के करीब 4 बजे छापा मारकर सात जुआरियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान मौके से 1 लाख 20 हजार 200 रुपए नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार पंडाल में काफी समय से जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। मंगलवार तड़के विशेष टीम ने मौके पर दबिश दी तो वहां जुआ खेल रहे लोग पुलिस को देखकर सकते में आ गए। टीम ने घेराबंदी कर सात लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय राजपूत, राहुल चौबे, सत्यम श्रीवास, देवेंद्र कुमार सोंधिया, आशीष पटेल, शिवा यादव और गोविंद सोनी के रूप में हुई है।
पुलिस संरक्षण में फड़ चलने का आरोप
बताया गया है कि क्षेत्रीय लोगों की ओर से लंबे समय से पंडाल में जुआ चलने की शिकायतें की जा रही थीं। कुछ लोगों ने जुआ संचालन को लेकर पुलिस संरक्षण के आरोप भी लगाए थे। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम द्वारा दबिश दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने बरामद रकम और ताश के पत्तों को जब्त कर सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। तड़के हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।







