भोपालमध्यप्रदेश

डोल ग्यारस जुलूस: आज पुराने शहर में बदलेगा ट्रैफिक का मिजाज, 6 चरणों में थमेंगे रास्ते

डोल ग्यारस जुलूस: आज पुराने शहर में बदलेगा ट्रैफिक का मिजाज, 6 चरणों में थमेंगे रास्ते

भोपाल, यशभारत। डोल ग्यारस के पावन अवसर पर मंगलवार को भोपाल का पुराना शहर भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आएगा। इस भव्य जुलूस के मद्देनजर शहर की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। दोपहर 1 बजे से जुलूस की समाप्ति तक पुराने भोपाल की ओर जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को बदले हुए रास्तों से गुजरना होगा। पुलिस प्रशासन की योजना के मुताबिक जुलूस जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, संबंधित सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही रोकी जाएगी और जुलूस के गुजरते ही रास्ता सामान्य कर दिया जाएगा।

चौक बाजार से खटलापुरा तक रहेगा जुलूस का मार्ग
जुलूस चौक बाजार से शुरू होकर लखेरापुरा, भवानी मंदिर, पीरगेट, सेफिया कॉलेज रोड, इमामबाड़ा चौकी, जनकपुरी पानी की टंकी, जुमेराती गेट, सराफा चौक, इब्राहिमपुरा, रंजन पेन कॉर्नर, सुल्तानिया रोड, बुधवारा, तलैया काली मंदिर, लिली टॉकीज चौराहा और पीएचक्यू तिराहा होते हुए खटलापुरा मंदिर पहुंचेगा। इस पूरे मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेडिंग और डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं।

चरणबद्ध डायवर्जन व्यवस्था

1.पीरगेट व इमामबाड़ा: पीरगेट से आगे मध्यम व भारी मालवाहक वाहनों और बीसीएलएल सिटी बसों का प्रवेश बंद रहेगा। नादरा बस स्टैंड से घोड़ा नक्कास की ओर जाने वाले वाहनों को भी रोका जाएगा। वाहन चालक रॉयल मार्केट, तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज, नादरा बस स्टैंड और भारत टॉकीज वाले मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

2.जनकपुरी व सुल्तानिया रोड: आजाद मार्केट तिराहे से जुमेराती गेट और मोती मस्जिद से बुधवारा के बीच भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यात्री मोती मस्जिद से रेतघाट-गिन्नौरी होकर निकल सकेंगे।

3. तलैया काली मंदिर व खटलापुरा: जुलूस के तलैया पहुंचने पर भारत टॉकीज से लिली टॉकीज होते हुए पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे तक सभी दोपहिया व चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। वहीं पीएचक्यू व पुराने मछली घर तिराहे से खटलापुरा की ओर जाने वाला रास्ता भी बंद रहेगा।

मुख्य गंतव्यों के लिए वैकल्पिक रूट

न्यू मार्केट व एमपी नगर जाने के लिए: भारत टॉकीज से पुल बोगदा, प्रभात चौराहा और सुभाष नगर आरओबी का रास्ता लें।
रेलवे स्टेशन जाने के लिए: पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे से जेल मुख्यालय, कोर्ट चौराहा, मैदा मिल और सुभाष नगर आरओबी होकर जाएं।
रोशनपुरा से भारत टॉकीज आवाजाही: लिंक रोड नंबर-1, बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल, मैदा मिल, सुभाष नगर आरओबी और प्रभात चौराहा मार्ग का इस्तेमाल करें।

ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए पुराने शहर और रेलवे स्टेशन की ओर यात्रा करते समय पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर निकलें तथा डायवर्जन नियमों का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button