भोपाल में ऑटोमैटिक मशीनों से गुपचुप बन रहा था गुटका

ब्रांड गुरु का टैक्सचोरी वाला फर्जीवाड़ा: भोपाल में ऑटोमैटिक मशीनों से गुपचुप बन रहा था गुटका
भोपाल,यशभारत। राजधानी भोपाल के नवीबाग स्थित न्यू चौकसे नगर में सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस (CGST) की टीम ने एक गुप्त गुटखा फैक्टरी का पर्दाफाश करते हुए टैक्स चोरी के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। बिना किसी वैध रजिस्ट्रेशन और सरकारी दस्तावेजों के गुरु ब्रांड नाम से अवैध रूप से संचालित हो रही इस इकाई से शुरुआती जांच में ही 30 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी सामने आई है।
कार्रवाई के दौरान सीजीएसटी की विशेष टीम ने फैक्टरी परिसर से कई ऑटोमैटिक मशीनें, भारी मात्रा में कच्चा माल और तैयार माल जब्त किया है। मामले में सख्त रुख अपनाते हुए विभाग ने फैक्टरी के मुख्य संचालक सुरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
दिन-रात चली रेड, कागजों में छिपा मिला करोड़ों का घालमेल
सीजीएसटी विभाग की टीमों ने शुक्रवार और शनिवार को लगातार 48 घंटे तक फैक्टरी में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों के हाथ ऐसे कई अहम कारोबारी रिकॉर्ड, रजिस्टर और डिजिटल दस्तावेज लगे हैं, जो बिना बिल-वाउचर के किए जा रहे करोड़ों के अवैध लेन-देन की पुष्टि करते हैं।
अभी और गहराएगा फर्जीवाड़े का दायरा
विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल जब्त किए गए वित्तीय दस्तावेजों और बिक्री रिकॉर्ड का विस्तृत असेसमेंट (मूल्यांकन) किया जा रहा है। शुरुआती तौर पर कर चोरी 30 करोड़ रुपये आंकी गई है, लेकिन असेसमेंट प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह आंकड़ा 60 करोड़ रुपये को पार कर सकता है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क के तार शहर और राज्य में कहां-कहां फैले हुए थे।






