जिलों से मांगी जा रही हर तीन दिन में रिपोर्ट

जिलों से मांगी जा रही हर तीन दिन में रिपोर्ट
– भाजपा संगठन पदाधिकारीयों की जमीनी सक्रियता की होगी पड़ताल
भोपाल, यश भारत। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान ने अब संगठन के भीतर भी सक्रियता की परीक्षा शुरू कर दी है। अभियान में जिम्मेदारी संभाल रहे पदाधिकारियों और नेताओं की गतिविधियों की प्रदेश संगठन स्तर पर समीक्षा की जा रही है। जिलों में अभियान की रफ्तार और कार्यक्रमों की स्थिति पर नजर रखने के साथ संभाग व जिला प्रभारियों से नियमित रिपोर्ट भी मांगी गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू हुए अभियान में प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनका प्रमुख उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के साथ प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन से जुड़े कार्यक्रमों और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है।
तीन दिन में मुख्यालय पहुंचेगी रिपोर्ट
प्रदेश संगठन ने संभाग और जिला प्रभारियों को अभियान की प्रगति पर हर तीन दिन में रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। संगठन स्तर पर यह भी देखा जा रहा है कि जिम्मेदारी मिलने के बाद कौन से पदाधिकारी जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और किन क्षेत्रों में अभियान अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार समीक्षा के आधार पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
7 अक्टूबर के बाद बढ़ेगी गतिविधियां
अभियान में 7 अक्टूबर के बाद और तेजी आने की संभावना है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। पार्टी स्तर पर मध्यप्रदेश में केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के प्रवास की भी तैयारियां की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से घर-घर संपर्क को और विस्तार देने की योजना है।
कांग्रेस के कब्जे वाली सीटों पर विशेष नजर
भाजपा ने उन विधानसभा क्षेत्रों में भी संपर्क अभियान को अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की है, जहां पिछले दो विधानसभा चुनाव से कांग्रेस का कब्जा रहा है। इन क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के माध्यम से संगठन की गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। संभावित चुनावी दावेदारों के रूप में देखे जा रहे पूर्व विधायक और अन्य नेताओं को भी इन क्षेत्रों में सक्रिय किया गया है।
प्रदेश टोली ने बैठक में लिया अभियान का जायजा
रविवार को क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश टोली के साथ बैठक कर अब तक की गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और जिलों में अभियान की स्थिति पर चर्चा हुई। कुछ स्थानों पर अपेक्षित सक्रियता नहीं होने की जानकारी सामने आने के बाद संबंधित जिलाध्यक्षों से संपर्क कर अभियान को गति देने के निर्देश दिए गए।






