जबलपुरमध्य प्रदेश

सोलर रूफटॉप को लेकर बिजली विभाग ने लगाए शिविर, लंबित प्रकरणों का मौके पर निराकरण

उपभोक्ताओं को दी योजना की जानकारी

जबलपुर,यशभारत। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शनिवार को शहर के सभी संभागीय कार्यालय, उप संभागीय कार्यालय एवं वितरण केंद्रों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। दोपहर 2 बजे से शाम 5.30 बजे तक चले शिविरों में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे और सोलर कनेक्शन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

शिविर में सोलर रूफटॉप योजना के लंबित प्रकरणों का मौके पर निराकरण करने के साथ नेट मीटर स्थापना, मीटर परिवर्तन एवं परीक्षण, कमीशनिंग सहित अन्य तकनीकी समस्याओं का समाधान किया गया। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और मोबाइल एप का लाइव डेमो भी दिया गया। वहीं, बैंक प्रतिनिधियों ने रूफटॉप सोलर लगाने के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी दी।

वेण्डरों ने बताए सोलर के फायदे

शिविर में अधिकृत सोलर वेण्डरों ने उपभोक्ताओं को सोलर पैनल की क्षमता, स्थापना प्रक्रिया, लागत और योजना के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। विभाग की ओर से ऐसे उपभोक्ताओं को भी शिविर में बुलाया गया, जिन्होंने अपने घरों में सोलर पैनल लगवाए हैं। इन उपभोक्ताओं ने आगंतुकों से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सोलर लगने के बाद उनके बिजली बिल में काफी कमी आई है।

11,255 उपभोक्ताओं ने लगवाए सोलर पैनल

विद्युत विभाग के अनुसार जबलपुर शहर में योजना के तहत अब तक 11,159 निम्नदाब घरेलू एवं वाणिज्यिक उपभोक्ताओं तथा 96 उच्चदाब उपभोक्ताओं ने सोलर रूफटॉप लगाए हैं। इन उपभोक्ताओं के यहां कुल 64,041.75 किलोवॉट क्षमता के सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।

34.80 लाख यूनिट बिजली ग्रिड में एक्सपोर्ट

सोलर पैनलों से प्रतिमाह अनुमानित 76.84 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। इसमें से करीब 42.40 लाख यूनिट उपभोक्ता स्वयं उपयोग कर रहे हैं, जबकि बची हुई लगभग 34.80 लाख यूनिट बिजली ग्रिड में एक्सपोर्ट की जा रही है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भारी कमी आई है और कई उपभोक्ताओं को नगण्य राशि का बिल प्राप्त हो रहा है।

अधिकारी-कर्मचारी भी ले रहे योजना का लाभ

विभागीय अधिकारियों के अनुसार बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को एनर्जी चार्ज में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलने के बावजूद बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी अपने घरों में सोलर रूफटॉप स्थापित कर इसका लाभ ले रहे हैं। इससे योजना की उपयोगिता और बिजली खर्च में कमी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button