राहगीरों से मारपीट के आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, सूफी संतनगर कैलवारा रोड के पास हुई थी वारदात

कटनी, यशभारत। कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेजने के आदेश पर जिला जेल झिंझरी में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने बताया कि सचिन प्रजापति निवासी प्रजापति मोहल्ला नदीपार 26 अपै्रल की रात्रि करीब 09.30 बजे मोटरसायकल से ग्राम पौंसरा स्थित ईंट भट्टे का काम कर वापस लौट रहा था। जब वह सूफी संतनगर कैलवारा रोड नदीपार के पास पहुंचा, तभी सडक़ पर चार लडक़ों ने उसे तथा उसके पीछे आ रही एक अन्य बाइक को रोक लिया। चारों आरोपी शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। आरोपियों में से एक की पहचान धांशू खटीक निवासी कैलवारा फाटक के रूप में की गई। जांच में सामने आया कि उसी रात करीब 08.30 बजे धांशू खटीक एवं उसके साथियों ने ग्राम पौंसरा बायपास नहर के पास ग्राम कछगवां निवासी श्रीकेश कोरी को भी रोककर शराब पीने के लिए पैसों की मांग की थी। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने श्रीकेश कोरी के साथ मारपीट की थी। रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इस मामले में आरोपी धांशू खटीक को 10 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों सचिन सोनकर, जमालू सोनकर उर्फ आलोक एवं राजा यादव के साथ मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। मामले में आरोपी राजा यादव निवासी ग्राम बोहता को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है। फरार आरोपी जमालू उर्फ आलोक सोनकर एवं सचिन खटीक को दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों को जेल दाखिल किए जाने के आदेश दिए जाने पर उन्हें जिला जेल झिंझरी में दाखिल कराया गया है।







