भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में ई-बसों का दायरा बढ़ा, बैरागढ़ से मंडीदीप के बीच शुरू हुआ नया बी38 रूट; 300 कॉलोनियों को मिलेगा फायदा

भोपाल में ई-बसों का दायरा बढ़ा, बैरागढ़ से मंडीदीप के बीच शुरू हुआ नया बी38 रूट; 300 कॉलोनियों को मिलेगा फायदा

भोपाल, यशभारत। राजधानी की सड़कों पर सार्वजनिक परिवहन को सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। पीएम ई-बस सेवा के तहत शहर में चौथे नए रूट बरागढ़ से HEG मंडीदीप रूट नंबर B38 पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुक्रवार से शुरू कर दिया गया। इस नए मार्ग पर फिलहाल 10 ई-बसों को उतारा गया है, जबकि 21 सितंबर से 5 और बसें इस बेड़े में शामिल की जाएंगी। इसके साथ ही भोपाल में सड़कों पर दौड़ने वाली कुल ई-बसों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है।

होशंगाबाद रोड की 300 कॉलोनियों को सीधी कनेक्टिविटी
अब तक बैरागढ़ से एमपी नगर और आईएसबीटी तक ही बेहतर बस सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन आगे मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र तक कोई सीधी कनेक्टिविटी नहीं थी। B38 रूट शुरू होने से होशंगाबाद रोड क्षेत्र की करीब 300 कॉलोनियों के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब रानी कमलापति स्टेशन (प्लेटफॉर्म-5), बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, आशिमा मॉल, मिसरोद, 11 मील और चिनार ड्रीम सिटी जैसे इलाकों में आने-जाने वाले हजारों छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों का सफर बेहद आसान हो जाएगा। इस नए रूट से रोजाना औसतन 5,000 यात्रियों के लाभांवित होने का अनुमान है।

किराया 6 से 40 रुपये, दिव्यांगों के लिए विशेष हाइड्रोलिक डोर
33.6 किलोमीटर लंबे इस नए रूट पर न्यूनतम किराया 6 से 7 रुपये और अधिकतम किराया 40 रुपये तय किया गया है। इन आधुनिक ई-बसों की सबसे बड़ी खासियत दिव्यांग यात्रियों के लिए दी गई विशेष सुविधा है। बस में चढ़ने-उतरने के लिए हाइड्रोलिक डोर दिए गए हैं, जिनके ठीक सामने दो व्हीलचेयर या ट्राइसाइकिल खड़ी करने के लिए पर्याप्त जगह रखी गई है।

तंग सड़कों और ट्रैफिक के लिए ज्यादा मुफीद
पारंपरिक 12 मीटर लंबी सिटी बसों की तुलना में ये ई-बसें 9 मीटर लंबी और करीब 3.5 मीटर चौड़ी हैं। कॉम्पैक्ट आकार होने के कारण ये तंग सड़कों और व्यस्त चौराहों पर आसानी से निकल जाती हैं, जिससे ट्रैफिक जाम में फंसने की आशंका काफी कम हो जाती है। सुरक्षा के लिहाज से हर बस में 6 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग डिपो स्थित सेंट्रल कंट्रोल रूम से की जा रही है। शहर में पहले से B35 (चिरायु अस्पताल से आकृति इकोसिटी), B36 (कोच फैक्ट्री से बैरागढ़ चिचली) और B37 (बैरागढ़ से आईएसबीटी) रूट्स पर भी सफलतापूर्वक ई-बसों का संचालन हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button