मध्य प्रदेशराज्य

बड़ी खबर : सागर में बंडा के बाद अब मकरोनिया में हड़कंप: जहरीली शराब के संदेह में युवक की मौत, घर से शराब की बोतलें ज़ब्त

  • सागर, यशभारत l बंडा में हाल ही में हुए दर्दनाक जहरीली शराब कांड की टीस अभी कम भी नहीं हुई थी कि अब उपनगर मकरोनिया से एक और सनसनीखेज मामला सामने आ गया है। यहां की दूर संचार कॉलोनी निवासी 46 वर्षीय विनीत पांडे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों को आशंका है कि विनीत की जान भी जहरीली शराब का सेवन करने की वजह से गई है। जिला मुख्यालय के समीप हुई इस घटना से प्रशासनिक अमले और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

अचानक बिगड़ी तबीयत, जिला अस्पताल में तोड़ा दम

मृतक के भाई प्रवीण पांडे ने बताया कि बुधवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच विनीत की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य समझा, लेकिन जब स्थिति बिगड़ने लगी और विनीत अचेत हो गया, तो उसे तुरंत मकरोनिया स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब 10 बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि विनीत शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ था, इसलिए उन्हें जहरीली शराब पर ही पूरा संदेह है।

 

पुलिस ने घर से ज़ब्त किए शराब के सैंपल, विसरा सुरक्षित

घटना की जानकारी मिलते ही मकरोनिया पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी नितिन पाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने मृतक के घर पहुंचकर बारीकी से छानबीन की। पुलिस ने मौके से शराब के खाली व भरे क्वार्टर और अन्य साक्ष्य ज़ब्त किए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। विसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसे विस्तृत वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा जा रहा है।

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: चर्चित घटनाक्रमों से जुड़ा दूसरा मामला

इस दुखद घटना का एक और संवेदनशील पहलू यह है कि मृतक विनीत पांडे के पिता का निधन वर्ष 2016 में नोटबंदी के दौरान हुआ था। उस समय वे मकरोनिया स्थित एक बैंक के बाहर लाइन में खड़े थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। यदि फॉरेंसिक जांच में विनीत की मौत का कारण भी जहरीली शराब निकलता है, तो इस परिवार के लिए यह दूसरा ऐसा घोर दुर्भाग्यपूर्ण मामला होगा जो राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित घटनाक्रमों से जुड़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button