मक्का खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा: बिना मक्का खरीदे 76 लाख रुपये का भुगतान, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सागर, यशभारत ।केंद्र सरकार की इथेनॉल उत्पादन प्रोत्साहन योजना के तहत समर्थन मूल्य (MSP) पर मक्का खरीदी में बड़े स्तर पर कागजी हेरफेर और वित्तीय धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। देवरी क्षेत्र में बिना मक्का की वास्तविक खरीदी किए ही फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 343 मीट्रिक टन मक्का खरीदी दर्ज कर ली गई और कुल 76 लाख 31 हजार 750 रुपये की राशि का फर्जी भुगतान करा दिया गया।
जांच में सामने आया कि इस फर्जीवाड़े को अंजाम देने के लिए 17 किसानों के खातों का इस्तेमाल किया गया, जिनमें लाखों रुपये की यह राशि ट्रांसफर की गई।
रहली से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अतिशय जैन (पिता अवधेश जैन), निवासी गांधी वार्ड (देवरी) को रहली से गिरफ्तार कर लिया है।
19 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से न्यायालय ने मामले की गहराई से जांच और गिरोह में शामिल अन्य संदिग्धों का पता लगाने के लिए आरोपी को 19 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में समिति के कौन-कौन से अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे और किसानों के खातों में भेजी गई राशि को कैसे ठिकाने लगाया गया।







