बैरागढ़ चीचली गोलीकांड: 30 हजार रुपये का ईनामी बदमाश अजय बोर्डे गिरफ्तार

बैरागढ़ चीचली गोलीकांड: 30 हजार रुपये का ईनामी बदमाश अजय बोर्डे गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना कजलीखेड़ा पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर बैरागढ़ चीचली इलाके में देर रात गोलीबारी करने वाले 30 हजार रुपये के ईनामी बदमाश अजय बोर्डे उर्फ गनपत को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला 26 अगस्त 2026 की रात का है, जब फरियादिया अपने घर पर सो रही थी। देर रात लगभग 3 बजे घर के बाहर गोली चलने की आवाज सुनकर जब फरियादिया ने खिड़की से देखा तो आरोपी जीतू यादव उर्फ दुर्गेश यादव और अजय बोर्डे उर्फ गनपत हाथ में पिस्टल लिए खड़े थे। जीतू यादव ने फरियादिया को जान से मारने की नीयत से निशाना साधकर गोली चलाई, लेकिन पिस्टल मिसफायर हो जाने के कारण फरियादिया की जान बच गई। इसके बाद आरोपियों ने बाहर खड़ी कार पर फायर किया और उसमें तोड़फोड़ कर अपनी सफेद रंग की कार से मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
फरियादिया की शिकायत पर थाना कजलीखेड़ा में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। आरोपियों की लगातार फरारी को देखते हुए उनकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
17 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अजय बोर्डे 210 क्वार्टर के पास सड़क पर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहगीर गवाहों की मदद से घेराबंदी कर आरोपी अजय बोर्डे उर्फ गनपत (26 वर्ष), निवासी हिनौतिया आलम, भोपाल को धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी का रिमांड लेकर घटना में प्रयुक्त हथियार, वाहन और अन्य सह-आरोपी जीतू यादव के संबंध में पूछताछ कर रही है।







