इंजीनियरिंग छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान: घर लौटने पर फंदे से लटकी मिली बहन

इंजीनियरिंग छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान: घर लौटने पर फंदे से लटकी मिली बहन
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अवधपुरी थाना क्षेत्र स्थित नक्षत्र कॉम्प्लेक्स में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक निजी कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा 20 वर्षीय सौम्या तिवारी ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वारदात के वक्त छात्रा घर में अकेली थी। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार सौम्या का भाई बुधवार शाम किसी काम से बाहर गया हुआ था। देर रात जब वह वापस लौटा तो कमरे का नजारा देखकर स्तब्ध रह गया। सौम्या फंदे से लटकी हुई थी। उसने तुरंत पड़ोसियों को आवाज दी और लोगों की मदद से बहन को नीचे उतारकर अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता उत्तर प्रदेश में बैंक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उसका भाई यूक्रेन से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर हाल ही में वापस लौटा है। घटना की सूचना मिलते ही अवधपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। परिजनों के भोपाल पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
वही अवधपुरी पुलिस ने घटनास्थल से मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट न मिलने के कारण आत्महत्या की वजह रहस्य बनी हुई है। परिजनों और दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही मोबाइल की कॉल डिटेल और चैट की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।







