
बच्चों ने किया ‘सदाचार का ताबीज’ का मंचन
जबलपुर, यश भारत। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय हिंदी दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला में बुधवार को शक्ति भवन स्थित लाइब्रेरी कक्ष में विवेचना थियेटर ग्रुप की बच्चों की टीम ने प्रसिद्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की कहानी ‘सदाचार का ताबीज’ का मंचन किया। बच्चों के प्रभावी अभिनय और संवाद अदायगी ने दर्शकों का मन मोह लिया। सदाचार का ताबीज’ में भ्रष्टाचार और व्यवस्था पर तीखा व्यंग्य किया गया है। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से कहानी के व्यंग्यात्मक पक्ष को प्रभावी ढंग से दर्शाया। मंचन के दौरान उनके अभिनय और संवादों को दर्शकों की सराहना मिली।


नाटक से पहले बच्चों ने प्रसिद्ध कवि दुष्यंत कुमार की हिंदी गजल ‘कहां तो तय था चिरागां हर एक घर के लिए’ का मधुर गायन प्रस्तुत किया। प्रस्तुति ने कार्यक्रम के माहौल को साहित्यिक रंग प्रदान किया।

विवेचना की इस प्रस्तुति का निर्देशन आदित्य रूसिया ने किया। इसमें ईहान तिवारी, अर्हम जैन, एकाक्ष मरवाहा, हृदयांश चौकसे और अर्शवीर सिंह सूरमा ने अभिनय किया। संगीत आदित्य रूसिया और हर्षित ने दिया, जबकि पल्लव शुक्ला और अस्तित्व शुक्ला ने सहयोग किया। इस अवसर पर विवेचना के हिमांशु राय और बांकेबिहारी ब्यौहार सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।







