नकबजनी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

नकबजनी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी की एमपी नगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार नकबजनी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर को एमपी नगर जोन-2 (रेलवे लाइन के पास) निवासी 92 वर्षीय जनार्दन सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 सितंबर की शाम उनके घर से अज्ञात चोर एचपी कंपनी का घरेलू गैस सिलेंडर चुरा ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद शर्मा ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर 4 लोगों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने सिलेंडर चोरी की बात कबूल कर ली।
कई अन्य चोरियों का हुआ पर्दाफाश
पूछताछ में मुख्य आरोपी राकेश कोरी ने खुलासा किया कि उसने कुछ समय पहले रचना नगर अंडरब्रिज के पास खड़ी एक एक्टिवा से लैपटॉप चोरी किया था। इसके अलावा उसने जोन-1 स्थित स्टेट जीएसटी गेट के सामने बनी एक गुमठी का ताला तोड़कर भारी मात्रा में गुटखा और सिगरेट के पैकेट भी पार किए थे।







