भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल के चौक बाजार में जुए के अड्डे पर छापे के बाद, TI समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित

भोपाल के चौक बाजार में जुए के अड्डे पर छापे के बाद, TI समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित

भोपाल,यशभारत। राजधानी के चौक बाजार इलाके में चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। एसीपी कोतवाली संतोष पटेल की स्पेशल टीम द्वारा की गई औचक दबिश में मौके से 12 से अधिक जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से करीब 2.25 लाख (सवा दो लाख) रुपये की नकदी भी बरामद की है।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस की घोर लापरवाही और मिलीभगत की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात गौड़, बीट प्रभारी एएसआई राकेश गुर्जर और माइक्रो बीट प्रभारी आरक्षक नरेंद्र रावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है।

संरक्षण देने के आरोप, पहले भी जारी हुए थे निर्देश

जांच में सामने आया कि चौक बाजार क्षेत्र में लंबे समय से जुए का अड्डा संचालित हो रहा था। आला अधिकारियों द्वारा कई बार अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद थाना स्तर पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। जांच के दौरान थाना प्रभारी प्रभात गौड़ पर जुआरियों को संरक्षण देने के आरोपों की भी पड़ताल की गई, जिसके बाद यह निलंबन की कार्रवाई की गई।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

जुए के मामले में भोपाल पुलिस की ओर से थाना स्तर के अधिकारियों पर यह दूसरी बड़ी गाज गिरी है। इससे पहले बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव को भी इसी तरह के आरोपों में निलंबित किया जा चुका है। एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लंबे समय से चल रही इन अवैध गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button