भोपाल

चेतक ब्रिज पर माल वाहक ट्रक खराब, भोपाल का आधा शहर दिनभर जाम में फंसा

चेतक ब्रिज पर माल वाहक ट्रक खराब, भोपाल का आधा शहर दिनभर जाम में फंसा

WhatsApp Image 2026 09 11 at 11.24.10


​भोपाल, यश भारत। राजधानी के सबसे व्यस्ततम मार्गों में शामिल चेतक ब्रिज पर शुक्रवार को उस समय यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जब ब्रिज के बीचों-बीच एक भारी माल वाहक ट्रक अचानक खराब होकर बंद हो गया। दोपहर बाद तक ट्रक को मौके से नहीं हटाया जा सका, जिसके कारण सुबह से शुरू हुआ ट्रैफिक जाम पूरे दिन बना रहा। वीकेंड से ठीक पहले लगे इस भीषण जाम में हजारों वाहन चालक घंटों तक रेंगते नजर आए।
​चार प्रमुख इलाकों में लगा वाहनों का लंबा हुजूम
​ब्रिज पर ट्रक बंद होने का सीधा असर आसपास के सभी कनेक्टिंग रूट्स पर पड़ा। एमपी नगर, गोविंदपुरा, एम्स रोड और साकेत नगर की तरफ जाने वाले मार्गों पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, मरीजों को ले जा रही एंबुलेंसों और स्कूल-कॉलेज के छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण जाम के चलते जो दूरी तय करने में अमूमन 10 मिनट लगते थे, वहां से निकलने में चालकों को एक से डेढ़ घंटे का समय लग गया।
​दोपहर बाद तक फंसा रहा ट्रक, व्यवस्था बनी पहेली
​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक सुबह के समय अचानक ब्रिज पर तकनीकी खराबी के कारण बंद हुआ था। भारी वाहन होने के कारण इसे सामान्य क्रेन से हटाना संभव नहीं हो सका। दोपहर बाद तक भारी क्रेन या वैकल्पिक व्यवस्था न हो पाने की वजह से ट्रक ब्रिज की मुख्य लेन पर ही खड़ा रहा। व्यस्त समय में सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह बाधित रहने से देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में गाड़ियों का रेला लग गया।
​यातायात अमले के छूटे पसीने
​सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन संकरी जगह और वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण स्थिति पर काबू पाना बेहद मुश्किल साबित हुआ। पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक को डायवर्ट करने और वाहनों को धीरे-धीरे निकालने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। एमपी नगर और गोविंदपुरा की ओर से आने वाले ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से भेजने की कोशिश की गई, लेकिन मुख्य संपर्क मार्ग बाधित होने के कारण अंदरूनी कॉलोनियों की सड़कों पर भी जाम की स्थिति निर्मित हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button