3000 रुपए का फरार इनामी चाकूबाज गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त, देखे वीडियो ……
शराब के लिए पैसे न देने पर चाकू से किया था हमला

जबलपुर,यश भारत। हनुमानताल थाना पुलिस ने चाकूबाजी के मामले में फरार चल रहे 20 वर्षीय आरोपी मयंक भौरेल उर्फ काला को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार बटनदार चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को सिंधी कैंप निवासी 18 वर्षीय अनमोल खटीक ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि बकरा मार्केट भानतलैया के पास मयंक ने उससे शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे थे। रुपए देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
शिकायत पर हनुमानताल थाने में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी। आरोपी के लगातार फरार रहने पर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम को 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर आरोपी को भानतलैया से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार बटनदार चाकू जब्त किया है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 भी बढ़ाई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बेलबाग और हनुमानताल थाने में जुआ एक्ट सहित अन्य मामले भी दर्ज हैं। आरोपी को 14 सितंबर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष चंद्र बघेल, उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, चतुर्भुज, प्रधान आरक्षक सुरेश सिंह, बीरेन्द्र पटेल, सैयद रिजवी, सादिक और महिला आरक्षक नंदनी की भूमिका रही।







