छोटे तालाब में मिला लापता युवक का शव, प्रेम-प्रसंग में धोखे का आरोप

छोटे तालाब में मिला लापता युवक का शव, प्रेम-प्रसंग में धोखे का आरोप
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र से लापता हुए एक 22 वर्षीय युवक का शव गुरुवार सुबह छोटे तालाब केबिन स्टे ब्रिज के पास से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान सुभाष कॉलोनी, सेमरा निवासी विकास रघुवंशी पिता नारायण सिंह रघुवंशी के रूप में हुई है। वह पेशे से फेब्रिकेशन का काम करता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विकास 8 सितंबर की रात बिना बताए घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने 9 सितंबर को अशोका गार्डन थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गुरुवार सुबह तलैया थाना पुलिस को छोटे तालाब में शव तैरने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि विकास का एक युवती से प्रेम प्रसंग था और इसमें धोखा मिलने के कारण वह मानसिक तनाव में था। परिजनों का मानना है कि इसी वजह से उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया है।
दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मौत के स्पष्ट कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। तलैया थाना पुलिस मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से कर रही है। युवक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अंतिम समय की गतिविधियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






