भोपालमध्य प्रदेश

ऑटो सवार महिला से पर्स छीनने वाला शातिर झपटमार गिरफ्तार

ऑटो सवार महिला से पर्स छीनने वाला शातिर झपटमार गिरफ्तार

भोपाल, यशभारत। राजधानी की हबीबगंज थाना पुलिस ने करीब एक पखवाड़े पहले नर्मदा अस्पताल के पास ब्रिज के नीचे ऑटो सवार महिला से पर्स झपटने की वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र की मदद से वारदात में शामिल 18 वर्षीय शातिर बदमाश अल्तमश कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया 50 हजार रुपये कीमत का वीवो मोबाइल फोन और 1500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, उसका साथी अयान उर्फ तौसिफ फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी नीरज दुबे सागर रेसीडेन्सी, अरेरा कालोनी के रहने वाले है, 25 अगस्त की रात लगभग 9 बजे उनकी पत्नी जयश्री, बेटा ईशान और भतीजा यश दुबे भोपाल रेलवे स्टेशन जाने के लिए उबर ऑटो में सवार हुए थे। फरियादी अपनी बाइक से ऑटो के पीछे-पीछे चल रहे थे। जैसे ही ऑटो नर्मदा अस्पताल के आगे ब्रिज के नीचे मोड़ पर पहुंचा, सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो युवकों ने चलती ऑटो में बैठी महिला की गोद से लेडीज पर्स छीन लिया और फरार हो गए। लूटे गए पर्स में वीवो का मोबाइल, सोने की बालियां, मंगलसूत्र, महत्वपूर्ण दस्तावेज और करीब 5000 रुपये नकद मौजूद थे। हबीबगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाला संदेही गांधी नगर इलाके में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी अल्तमश कुरैशी 18 वर्ष, निवासी मोती नगर, थाना ऐशबाग को धर दबोचा।

कड़ाई से पूछताछ में आरोपी अल्तमश ने स्वीकार किया कि वह और उसका साथी अयान उर्फ तौसिफ निवासी जहांगीराबाद तफरी करने निकले थे। जल्दी और आसान पैसा कमाने की नीयत से दोनों ने किसी बड़े इलाके में वारदात को अंजाम देने की साजिश रची थी। वारदात के बाद दोनों ने लूटे गए माल का आपस में बंटवारा कर लिया था। अल्तमश के हिस्से में मोबाइल और 1500 रुपये आए, जबकि सोने की बालियां, मंगलसूत्र और बाकी 1500 रुपये फरार आरोपी अयान ले गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अल्तमश कुरैशी का आपराधिक इतिहास रहा है। महज 18 वर्ष की उम्र में ही उसके खिलाफ ऐशबाग, मंगलवारा, शाहपुरा और हबीबगंज थानों में आर्म्स एक्ट, झपटमारी और मारपीट के 8 गंभीर मामले दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button