सागर शराब कांड के बाद भोपाल में आबकारी का शिकंजा, गांधी नगर, छोला और बैरसिया में दबिश, 9 प्रकरण दर्ज, 240 लीटर लाहन नष्ट

सागर शराब कांड के बाद भोपाल में आबकारी का शिकंजा, गांधी नगर, छोला और बैरसिया में दबिश, 9 प्रकरण दर्ज, 240 लीटर लाहन नष्ट
भोपाल, यश भारत। सागर जिले के बंडा क्षेत्र में कथित जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत और बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की घटना के बाद राजधानी भोपाल में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गांधी नगर, छोला और बैरसिया क्षेत्र में ताबड़तोड़ दबिश देकर अवैध शराब के ठिकानों की जांच की। इस दौरान 9 प्रकरण दर्ज किए गए। सागर की घटना के बाद अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को लेकर प्रशासन की निगरानी बढ़ गई है। इसी कड़ी में भोपाल में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने 42 लीटर कच्ची हाथ भट्टी शराब और 4.5 लीटर विदेशी मदिरा जब्त की। इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार किया गया 240 लीटर महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट कराया गया।
संवेदनशील इलाकों पर बढ़ाई निगरानी
आबकारी विभाग ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब के संभावित ठिकानों की निगरानी बढ़ा दी है। गांधी नगर, छोला और बैरसिया में हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने शराब बनाने और संग्रहण से जुड़े स्थानों की तलाशी ली। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
वैध दुकानों की भी औचक जांच
दबिश के साथ आबकारी टीम ने क्षेत्र में संचालित वैध शराब दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया। बिक्री व्यवस्था और निर्धारित नियमों के पालन की जांच की गई। विभाग का फोकस अब अवैध शराब के नेटवर्क के साथ ही लाइसेंसी दुकानों की गतिविधियों पर भी है।
कलेक्टर एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। संभागीय उड़नदस्ता के सहायक आबकारी आयुक्त शैलेश जैन के नेतृत्व में आबकारी टीम और उड़नदस्ते ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।






