यश भारत ब्रेकिंग : गोहलपुर थाना क्षेत्र के महफिल बार में मुस्कान की हत्या

जबलपुर,यशभारत। गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित महफिल बार एंड रेस्टोरेंट में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब वहां काम करने वाली महिला कर्मचारी मुस्कान चौधरी की एक युवक ने चाकू मारकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी युवक और मुस्कान दोनों बार में कर्मचारी थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि युवक ने चाकू से मुस्कान पर हमला कर दिया।
चाकू के हमले में मुस्कान गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ी। घटना के बाद बार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में मुस्कान को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गोहलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने वारदात के आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







