सूने मकान से लाखों की चोरी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

सूने मकान से लाखों की चोरी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
भोपाल, यश भारत। राजधानी के थाना निशातपुरा क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से सोने का हार और 3 लाख 79 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 3 सितंबर को एकता बिलाल कॉलोनी (करोंद) निवासी आवेश खान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी अलमारी का लॉकर खोलकर उसमें रखे 4 लाख रुपये नकद और सोने का हार चोरी हो गया है। फरियादी ने घर में ही रहने वाली किरायेदार और अपनी भतीजी पर डुप्लीकेट चाबी बनाकर चोरी करने का संदेह जताया था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निशातपुरा मनोज पटवा ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर आरोपी अरसी उम्र 20 साल और एक नाबालिग बालिका को हिरासत में लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चुराया गया सोने का हार और 3,79,500 रुपये नकद (कुल कीमत लगभग 4.30 लाख रुपये) सफलतापूर्वक जब्त कर लिया।







