भोपाल रेलवे स्टेशन पर गूंजा देशभक्ति का संगीत आरपीएफ बैंड की प्रस्तुति ने यात्रियों में भरा राष्ट्रप्रेम का जोश, वंदे मातरम् की धुन पर झूमे लोग

भोपाल रेलवे स्टेशन पर गूंजा देशभक्ति का संगीत
आरपीएफ बैंड की प्रस्तुति ने यात्रियों में भरा राष्ट्रप्रेम का जोश, वंदे मातरम् की धुन पर झूमे लोग
भोपाल, यश भारत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर आरपीएफ बैंड ने देशभक्ति से सराबोर संगीतमय प्रस्तुति देकर माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। बैंड की शानदार प्रस्तुति ने यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों का ध्यान आकर्षित किया। वंदे मातरम् सहित देशभक्ति की विभिन्न धुनों ने स्टेशन परिसर में उत्साह का माहौल बना दिया। कार्यक्रम में डीआरएम पंकज त्यागी भी पहुंचे और आरपीएफ बैंड के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। बैंड की प्रस्तुतियों को यात्रियों और आमजन ने खूब सराहा। स्वतंत्रता दिवस की भावना को देखते हुए स्टेशन परिसर में विशेष सजावट और देशभक्ति का माहौल नजर आया। सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण , कार्यक्रम स्थल पर वंदे मातरम् और यशो लभस्व लोगो से सुसज्जित विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया था। यात्रियों और आमजन ने यहां तस्वीरें लेकर स्वतंत्रता दिवस के जश्न को यादगार बनाया। कार्यक्रम के समापन पर आरपीएफ बैंड ने राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की। इस दौरान रेलवे के अधिकारी कर्मचारी आरपीएफ जवान और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।







