भोपालमध्य प्रदेश

शौर्य स्मारक से मुख्यमंत्री ने दिया एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश डिजिटल लाइब्रेरी और विभाजन विभीषिका फोटो गैलरी का किया शुभारंभ, तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी

शौर्य स्मारक से मुख्यमंत्री ने दिया एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश

डिजिटल लाइब्रेरी और विभाजन विभीषिका फोटो गैलरी का किया शुभारंभ, तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी

भोपाल, यश भारत। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और हर घर तिरंगा घर घर तिरंगा अभियान के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को राजधानी स्थित शौर्य स्मारक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके बाद उन्होंने शौर्य स्मारक में नवनिर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने डिजिटल लाइब्रेरी में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और देश के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी डिजिटल सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े इतिहास को नई पीढ़ी तक आधुनिक माध्यमों से पहुंचाने के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

विभाजन की पीड़ा को किया याद

शौर्य स्मारक में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रवासी सेनानी फोटो गैलरी का भी शुभारंभ किया। उन्होंने विभाजन के दौरान विस्थापन और संघर्ष की पीड़ा को स्मरण करते हुए कहा कि इतिहास की त्रासदी से सीख लेकर देश में एकता भाईचारे और अखंड राष्ट्रीय भावना को और मजबूत करना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर बार छोड़कर पलायन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियां दोबारा उत्पन्न न हों इसके लिए समाज को इतिहास से सीख लेने की जरूरत है।

पुलिस की तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिसकर्मियों द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा भोपाल शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और नागरिकों के बीच राष्ट्रभक्ति एकता और देशप्रेम का संदेश देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा घर घर तिरंगा अभियान देशभर में राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का उत्सव बन गया है। हर राज्य शहर और जिले में तिरंगा शान से लहरा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button