बैरसिया सिविल अस्पताल में सुविधाओं की कमी पर उठे सवाल विशेषज्ञ डॉक्टर और क्रिटिकल केयर सुविधाएं नहीं होने से मरीजों की बढ़ी परेशानी

बैरसिया सिविल अस्पताल में सुविधाओं की कमी पर उठे सवाल
विशेषज्ञ डॉक्टर और क्रिटिकल केयर सुविधाएं नहीं होने से मरीजों की बढ़ी परेशानी
भोपाल, यश भारत। बैरसिया सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी पर्याप्त एमबीबीएस चिकित्सकों का अभाव आईसीयू और क्रिटिकल केयर सुविधाओं की कमी के साथ अस्पताल परिसर में गंदगी और जलभराव जैसी समस्याएं सामने आने का दावा किया गया है। अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ अस्थि रोग विशेषज्ञ एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध नहीं होने से गंभीर मरीजों और दुर्घटना में घायलों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इससे बैरसिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में सड़क हादसे में घायल विक्की मल्होत्रा की मौत के मामले को भी अस्पताल की आपातकालीन और क्रिटिकल केयर व्यवस्था से जोड़कर सवाल उठाए गए हैं। मामले में यह मांग की गई है कि निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि घायल को समय पर आवश्यक उपचार और विशेषज्ञ सेवाएं मिल पाई थीं या नहीं। वहीं अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा विधायक विष्णु खत्री और प्रदेश सरकार की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़े दावे करती है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और जरूरी संसाधनों की कमी बनी हुई है। मांग की गई है कि बैरसिया सिविल अस्पताल में पर्याप्त एमबीबीएस व विशेषज्ञ डॉक्टर, आईसीयू क्रिटिकल केयर सुविधा आवश्यक उपकरण दवाइयां और बेहतर आपातकालीन सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।







