नल कनेक्शन है नहीं बिल आ गया 22 हजार, रांझी में चौंकाने वाला कारनामा
जबलपुर, यशभारत

नल कनेक्शन है नहीं बिल आ गया 22 हजार, रांझी में चौंकाने वाला कारनामा
जबलपुर, यशभारत । नगर निगम की लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला मंगलवार को जनसुनवाई में सामने आया। रांझी क्षेत्र की एक महिला उस समय अधिकारियों के सामने फरियाद लेकर पहुंची, जब उसके घर में नगर निगम का नल कनेक्शन ही नहीं है, लेकिन उसके नाम 22 हजार रुपये का जलकर बकाया थमा दिया गया। मामला सामने आते ही निगम अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए।
रांझी जोन निवासी राधा यादव ने बताया कि उनके घर में आज तक नगर निगम का नल कनेक्शन नहीं लगाया गया। परिवार वर्षों से पड़ोसियों से पानी लेकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी कर रहा है। इसके बावजूद नगर निगम के रिकॉर्ड में उनके नाम से जलकर बकाया दर्ज कर नोटिस जारी कर दिया गया, जिससे पूरा परिवार परेशान है। जनसुनवाई में शिकायत दर्ज होने के बाद अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में माना कि पंचायत क्षेत्र के नगर निगम सीमा में शामिल होने के दौरान कंप्यूटर रिकॉर्ड में तकनीकी त्रुटि के कारण महिला के नाम नल कनेक्शन दर्ज हो गया था। इसी आधार पर लगातार जलकर बिल बनते रहे। संभागीय अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पटवारी और विभागीय
टीम से मकान का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। यदि जांच में नल कनेक्शन नहीं पाया जाता है तो रिकॉर्ड में सुधार कर पूरा जलकर बिल निरस्त किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर नगर निगम के रिकॉर्ड प्रबंधन और बिलिंग प्रणाली पर
सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि बिना सत्यापन इस तरह के बिल जारी होना प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण है, जिससे आम लोगों को अनावश्यक मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ती है।







