सीहोर से निकलेगा देश की बिजली जरूरतों का नया पावर – 1200 केवी तक के ट्रांसफॉर्मर बनेंगे, आज मुख्यमंत्री करेंगे पहले ट्रांसफॉर्मर का रोल-आउट

सीहोर से निकलेगा देश की बिजली जरूरतों का नया पावर
– 1200 केवी तक के ट्रांसफॉर्मर बनेंगे, आज मुख्यमंत्री करेंगे पहले ट्रांसफॉर्मर का रोल-आउट

भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश के औद्योगिक नक्शे पर आज सीहोर एक नई पहचान बनाने जा रहा है। यहां सीजी पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की अत्याधुनिक पावर ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई में आज उत्पादन की औपचारिक शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संयंत्र में तैयार पहले ट्रांसफॉर्मर का रोल-आउट करेंगे।
करीब 50 एकड़ में विकसित यह संयंत्र देश की बड़ी एकीकृत पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण सुविधाओं में शामिल है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 220 केवी से लेकर 1200 केवी तक क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों का निर्माण है। संयंत्र में हर महीने करीब 35 ट्रांसफॉर्मर तैयार करने की क्षमता होगी। यहां निर्मित उपकरणों की जरूरत देश के बिजली तंत्र के साथ-साथ वैश्विक बाजार में भी पूरी की जाएगी।
बिजली से लेकर डेटा सेंटर तक उपयोग
इन हाई-कैपेसिटी ट्रांसफॉर्मरों का इस्तेमाल बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क के अलावा रेलवे, डेटा सेंटर, अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं, तेल-गैस और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में किया जाएगा। ऐसे में सीहोर का यह संयंत्र केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं, बल्कि बढ़ती बिजली और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरतों से सीधे जुड़ी परियोजना के रूप में देखा जा रहा है।
13-14 महीने में उत्पादन
परियोजना की रफ्तार भी खास रही। अगस्त 2025 में भूमि-पूजन के बाद करीब 13-14 महीने में ही संयंत्र उत्पादन के लिए तैयार हो गया। परियोजना से सीहोर और आसपास के क्षेत्र में प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष रूप से 2 हजार से अधिक रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।






