
जबलपुर, यश भारत। शहर में पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की दिशा में शुक्रवार को नया अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा का शुभारंभ किया गया। सेवा शुरू होने के अवसर पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक बस में सफर कर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया।
शुभारंभ के बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू, कलेक्टर राधुवेन्द्र सिंह और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी सिविल लाइन से गोरखपुर तक ई-बस से पहुंचे। इस दौरान बस में उपलब्ध सुविधाओं और यात्रा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि फिलहाल शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन दो प्रमुख रूटों पर किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा संचालित इस सेवा का उद्देश्य शहरवासियों को प्रदूषण रहित, आरामदायक और किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
ई-बस सेवा शुरू होने से शहर में सार्वजनिक परिवहन के विकल्पों में इजाफा होगा। साथ ही डीजल आधारित वाहनों पर निर्भरता कम करने और वायु प्रदूषण नियंत्रित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। यात्रियों की मांग और भविष्य में रूट विस्तार के आधार पर इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।






