देश

पत्नी के साथ नहीं जाने पर ससुराल पहुंचा युवक, विवाद के बाद चाकू से काटी कलाई 

पत्नी के साथ नहीं जाने पर ससुराल पहुंचा युवक, विवाद के बाद चाकू से काटी कलाई 
भोपाल, यश भारत । पत्नी के साथ नहीं जाने से नाराज एक युवक गुरुवार देर रात ससुराल पहुंच गया। यहां साली, साले और सास से विवाद के बाद उसने खुद की कलाई पर चाकू से वार कर लिया। घायल युवक ने परिजनों को धमकाते हुए उन्हें मामले में फंसाने की बात भी कही। गौतम नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जेपी नगर निवासी 26 वर्षीय मोहन पंथी ने शिकायत दर्ज कराई है। उसकी बहन गीता ने वर्ष 2024 में परिवार की इच्छा के खिलाफ हर्ष मांझी से प्रेम विवाह किया था। रक्षाबंधन पर गीता मायके आई थी, लेकिन उसने पति के साथ वापस जाने से इनकार कर दिया। इससे नाराज हर्ष रात में ससुराल पहुंच गया।
मोबाइल मांगने को लेकर बढ़ा विवाद
पुलिस के मुताबिक हर्ष चाकू लेकर घर पहुंचा और उसकी मां प्रभा बाई से मोबाइल मांगने लगा। करीब एक घंटे के लिए मोबाइल देने से इनकार करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान सास के साथ धक्का-मुक्की हुई और बाद में मोहन से भी विवाद हो गया। आरोप है कि हर्ष ने परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी।
चाकू से खुद को किया घायल
विवाद बढ़ने पर हर्ष ने अपने पास रखे चाकू से अपनी कलाई पर वार कर लिया। इसके बाद उसने कहा कि वह मर जाएगा और ससुराल वालों को मामले में फंसा देगा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ घटना के समय मौजूद लोगों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button