मध्य प्रदेशराज्य

नदी का रपटा बना मौत का रास्ता : बाइक समेत बह गए दो युवक; एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी….रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे दोनों, क्षेत्र में हड़कंप 

उचेहरा/सतना। उचेहरा थाना क्षेत्र में करारी नदी का तेज बहाव दो युवकों को अपने साथ बहा ले गया। बुधवार शाम रपटे को बाइक से पार करने की कोशिश के दौरान दोनों युवक नदी में गिर गए। हादसे के करीब 36 घंटे बाद शुक्रवार सुबह एक युवक का शव घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर मतरी-पतौरा रपटे के पास झाड़ियों में फंसा मिला। दूसरे युवक की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी के आसपास लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

 

मृतक की पहचान कुम्हारी निवासी पुष्पेंद्र लोधी (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे में लापता राजकुमार लोधी (34) की तलाश अभी जारी है।

 

गमी में शामिल होने निकले थे, रास्ते में हादसा

पुलिस के अनुसार पुष्पेंद्र और राजकुमार बुधवार को बाइक से पिपरी कलां जा रहे थे। उन्हें एक रिश्तेदार की पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल होना था। शाम करीब चार बजे दोनों मतरी-पतौरा और भरहत गांव के बीच करारी नदी के रपटे पर पहुंचे।

 

बारिश के कारण नदी का बहाव तेज था और रपटा पानी में डूबा हुआ था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को रपटा पार नहीं करने की सलाह दी। इसके बावजूद दोनों बाइक लेकर आगे बढ़ गए। कुछ ही दूरी तय करने के बाद तेज बहाव ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और दोनों युवक वाहन समेत नदी में जा गिरे। देखते ही देखते दोनों पानी के बहाव में बह गए।

रात तक घर नहीं पहुंचे तो शुरू हुई तलाश

हादसे के बाद दोनों युवक देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने जब पिपरी कलां में रिश्तेदारों से संपर्क किया तो पता चला कि दोनों वहां पहुंचे ही नहीं थे। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आसपास तलाश शुरू की। नदी में बहने की आशंका होने पर गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई।

 

सूचना मिलते ही उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा पुलिस टीम और एसडीआरएफ के साथ मतरी-पतौरा पहुंचे। नदी और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। एसडीएम सुभाष मिश्रा भी राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान की स्थिति का जायजा लिया।

 

झाड़ियों में फंसा मिला शव

पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी के बहाव की दिशा में लगातार तलाश कर रही थी। शुक्रवार सुबह घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर मतरी-पतौरा रपटे के पास झाड़ियों में एक शव फंसा मिला। जांच के बाद शव की पहचान पुष्पेंद्र लोधी के रूप में हुई।

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं राजकुमार लोधी की तलाश के लिए सर्चिंग का दायरा बढ़ाया गया है। तेज बहाव और नदी के आसपास मौजूद झाड़ियों के कारण बचाव दल को तलाशी अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button