
जबलपुर। यशभारत। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका विचार और समर्पित कार्यकर्ता है। भाजपा सामान्य कार्यकर्ताओं की पार्टी नहीं, बल्कि विचारधारा पर आधारित संगठन है। कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाना होगा। यह बात उन्होंने पश्चिम विधानसभा के नवीन विधायक कार्यालय में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कही।

बैठक में विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ता, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं समितियों के सदस्य, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बूथ समितियों के सदस्य शामिल हुए। सिंह ने कहा कि भाजपा के प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक सभी नेताओं ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को गढ़ने का अर्थ केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें वैचारिक रूप से मजबूत, सामाजिक रूप से सक्रिय और जिम्मेदार बनाना है। इसी उद्देश्य से पश्चिम विधानसभा में कार्यकर्ता विकास केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं से समाज और संगठन की अपेक्षाएं अधिक हैं, इसलिए छोटी सी गलती भी दिखाई देती है।

सिंह ने कहा कि पार्टी को विरासत में विचार मिला है और इसी विचार की ताकत के आधार पर भाजपा ने जनता का विश्वास हासिल किया है। सत्ता केवल सांसद, विधायक या मंत्री बनने के लिए नहीं, बल्कि जनकल्याण और विचारधारा को आगे बढ़ाने का माध्यम है। केंद्र की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों के साथ प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि दुनिया भारत की विकास यात्रा को देख रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के समग्र विकास के लिए कार्य हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि कोई काम छोटा-बड़ा नहीं होता। व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि वह अपने दायित्व को कितनी बेहतर तरीके से निभाता है, इससे बनती है। केवल बेहतर काम ही कार्यकर्ता और संगठन को आगे ले जा सकता है। बैठक में राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, पूर्व संगठन मंत्री सुरेश देशपांडे, जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी और पूर्व विधायक हरेंद्र जीत सिंह बब्बू सहित अनेक पदाधिकारी मंचासीन रहे। संचालन अभय सिंह ठाकुर ने किया और आभार श्रीकांत साहू ने व्यक्त किया।







