कॉलेज के दोबारा लोकार्पण पर सियासी संग्राम: मंच से भड़के विधायक

यशभारत करंजिया /डिंडौरी| करंजिया मुख्यालय में महाविद्यालय के दोबारा लोकार्पण समारोह के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम मंच से ही राज्य सरकार पर जमकर बरस पड़े। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते फीता काटने पहुंचे थे। विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के जनप्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा कर रही है और उन्हें विकास कार्यों में उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा।
विधायक के तीखे तेवरों के बीच कार्यक्रम में मौजूद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई, जो कुछ देर में नोकझोंक में बदल गई। दोनों पक्षों के समर्थकों के आमने-सामने आने से समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद कार्यक्रम आगे बढ़ सका।
अपने संबोधन में विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि जिस महाविद्यालय का पहले ही लोकार्पण हो चुका है, उसका दोबारा लोकार्पण किया जाना केवल राजनीतिक श्रेय लेने का प्रयास है। उन्होंने सरकार पर विपक्ष की अनदेखी करने और जनप्रतिनिधियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
घटना के बाद पूरे जिले में इस कार्यक्रम की चर्चा शुरू हो गई है। समारोह के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कांग्रेस इसे लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी बता रही है, जबकि भाजपा इसे विपक्ष की राजनीतिक हताशा और अनावश्यक विवाद पैदा करने की कोशिश करार दे रही है।






