एफपीओ बदल रहे किसानों की तस्वीर, उत्पादक से निर्यातक बनने की राह पर किसान

एफपीओ बदल रहे किसानों की तस्वीर, उत्पादक से निर्यातक बनने की राह पर किसान
भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश का किसान केवल उत्पादक न रहे, बल्कि निर्यातक बने। किसान की मेहनत और उत्पादन का उचित मूल्य उसे मिले, इसके लिए बाजार तक सीधी पहुंच, भंडारण, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और व्यापारिक क्षमता बढ़ाना जरूरी है। किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
तोमर फार्मर्स कंसोर्टियम फॉर एग्रीकल्चर एंड अलायड सेक्टर के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अकेला किसान बाजार में सीमित क्षमता के साथ अपनी उपज बेचता है, लेकिन संगठन के रूप में किसान उपज का संग्रहण, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और सामूहिक विपणन कर अपनी ताकत कई गुना बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में एफपीओ गठित हो चुके हैं और अब चुनौती इन्हें टिकाऊ, आत्मनिर्भर और व्यवसायिक संस्थाओं के रूप में विकसित करने की है। एफपीओ के माध्यम से किसान उत्पादन की पूरी मूल्य शृंखला में भागीदार बन सकते हैं और अपनी आय बढ़ाने के साथ निर्यात के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकते हैं।
तोमर ने कहा कि उनके केंद्रीय कृषि मंत्री रहते एफपीओ को बढ़ावा देने की दिशा में अभियान शुरू किया गया था। आज यह पहल किसानों की आर्थिक स्थिति बदलने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। उन्होंने एफएमसीएएस के चेयरमैन अशोक ठाकुर और उनकी टीम को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के निर्माण के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह पहल एफपीओ को बाजार से जोड़ने और किसानों को सशक्त किसान-उद्यमी बनाने में मददगार साबित होगी।







