युवक के सिर में धंसा कैंची का नुकीला हिस्सा, एनकेजे के सिंघनपुरी में घटना, घायल युवक जिला अस्पताल में भर्ती

कटनी, यशभारत। एनकेजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघनपुरी गांव में बुधवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सिलाई का काम करते समय रैक से गिरी कैंची सीधे एक युवक के सिर में जा धंसी। घटना के बाद परिजनों में हडक़ंप मच गया। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सिर से कैंची निकाली। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंघनपुरी निवासी राकेश विश्वकर्मा पिता सीताराम विश्वकर्मा बुधवार दोपहर अपने घर पर सिलाई का काम कर रहा था। काम के दौरान वह सिलाई मशीन के ऊपर बने रैक से कैंची निकालने का प्रयास कर रहा था, तभी अचानक कैंची उसके हाथ से छूट गई। कैंची नीचे गिरते ही उसका नुकीला हिस्सा सीधे राकेश के सिर में गहराई तक धंस गया। घटना के तुरंत बाद राकेश के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। सिर में धंसी कैंची और खून से लथपथ युवक को देख परिजनों के हाथपांव फूल गए। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए जटिल प्रक्रिया के बाद सिर से कैंची को सुरक्षित बाहर निकाला। चिकित्सकों के अनुसार युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर व स्थिर बनी हुई है।







