आरजीपीवी के त्रि विभाजन के फैसले पर अभाविप ने मनाया जश्न कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर सरकार के निर्णय का किया स्वागत

आरजीपीवी के त्रि विभाजन के फैसले पर अभाविप ने मनाया जश्न
कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर सरकार के निर्णय का किया स्वागत
भोपाल, यश भारत। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को तीन क्षेत्रीय तकनीकी विश्वविद्यालयों में विभाजित करने के मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट निर्णय का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने स्वागत किया। निर्णय की घोषणा के बाद अभाविप कार्यकर्ताओं ने आरजीपीवी परिसर में जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई और सरकार के फैसले के समर्थन में खुशी जताई। अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि आरजीपीवी का विस्तार लंबे समय से विद्यार्थियों और तकनीकी शिक्षा से जुड़े लोगों की आवश्यकता रहा है। विश्वविद्यालय को तीन क्षेत्रीय विश्वविद्यालयों में विभाजित करने से भोपाल जबलपुर और उज्जैन सहित संबंधित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अलग अलग क्षेत्रीय विश्वविद्यालय बनने से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा परीक्षा शोध और अन्य अकादमिक गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर मिल सकते हैं। इससे क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार पाठ्यक्रम और शैक्षणिक गतिविधियों को विकसित करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। अभाविप ने कैबिनेट के निर्णय को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रदेश सरकार का आभार जताया। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि त्रि विभाजन की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और इसका लाभ विद्यार्थियों को समय पर मिल सकेगा।







