कटनी

बकायादारों पर बढ़ेगी सख्ती

लोक अदालत से राजस्व वसूली का लक्ष्य

बकायादारों पर बढ़ेगी सख्ती

लोक अदालत से राजस्व वसूली का लक्ष्यIMG 20260902 WA0053

कटनी,यशभारत। नगर निगम की लंबित राजस्व वसूली को गति देने अब बकायादारों से नियमित संपर्क के साथ आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रभारी निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर वसूली की स्थिति की समीक्षा की। सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में संपत्तिकर एवं जलकर की बकाया राशि वसूलने के साथ वर्षों से लंबित मांग को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर दिया गया। राजस्व अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जलकर राहत योजना के तहत बड़े बकायादारों को बकाया राशि में 50 प्रतिशत की छूट का लाभ सीमित अवधि के लिए दिया जा रहा है। ऐसे में बकायादारों से लगातार संपर्क कर योजना का लाभ लेने और राशि जमा कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
वार्डवार वसूली की समीक्षा करते हुए कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों और कर्मचारियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। नागरिकों तक समय पर बिल पहुंचाने, जीआईएस नोटिस की तामिली तथा भवन सर्वे और सुधार कार्यों को गति देने के लिए भी कहा गया, ताकि निगम की राजस्व मांग अद्यतन रहे।

लोक अदालत को बनाया जाएगा वसूली का माध्यम

आगामी 12 सितंबर को होने वाली नेशनल लोक अदालत को देखते हुए अधिक से अधिक लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण कराने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर लंबित मामलों में वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में दुकानों के बकाया किराए पर भी सख्ती के संकेत दिए गए। जिन दुकानदारों की राशि लंबे समय से लंबित है, उनके बिल जारी कर समय पर भुगतान नहीं होने पर तालाबंदी की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए गए। जिन भवन स्वामियों को बिल तामील हो चुके हैं, उन्हें डिमांड नोटिस जारी करने को भी कहा गया।

ट्रेड लाइसेंस और बाजार वसूली पर भी फोकस

राजस्व अधिकारी ने ट्रेड लाइसेंस एवं बाजार शाखा की वसूली की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का निराकरण करने और पात्र व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लाइसेंस के दायरे में लाने के निर्देश दिए। बाजार क्षेत्रों से होने वाली राजस्व वसूली को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में आउटसोर्स श्रमिकों द्वारा किए जा रहे राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कर्मचारियों को लक्ष्य आधारित और समन्वित तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए। राजस्व अधिकारी ने कहा कि निगम की आय बढ़ाने के साथ नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राजस्व वसूली में निरंतर वृद्धि जरूरी है। बैठक में मुकेश राजपूत, प्रकाश पांडे, लव कुश तिवारी, राजकुमार प्यासी, विनोद सिंह चौहान सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button