जबलपुरमध्य प्रदेश

यशभारत ब्रेकिंग : टेलीग्राफ फैक्ट्री में जर्जर दीवार ढही, मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत, देखे वीडियो …..

राहत एवं बचाव कार्य शुरू

15 दिन से पुराने भवन से निकाल रहे थे कबाड़ और लोहा, बारिश के बीच अचानक भरभराकर गिरी दीवार; सुरक्षा संसाधनों के बिना काम कराने पर उठे सवाल

जबलपुर,यशभारत। मदन महल थाना क्षेत्र स्थित टेलीग्राफ फैक्ट्री में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पुराने भवन से लोहा और बेकार सामग्री निकालने के दौरान जर्जर दीवार अचानक भरभराकर मजदूरों के ऊपर जा गिरी। हादसे में मलबे की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान जबलपुर निवासी अकबर के रूप में हुई है, जबकि दूसरा मजदूर बंगाल का रहने वाला नसीम बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक टेलीग्राफ फैक्ट्री के पुराने भवन में रखी बेकार सामग्री की नीलामी की गई थी। इसका ठेका जयपुर की एक कंपनी को दिया गया था। कंपनी के कर्मचारी पिछले करीब 15 दिनों से फैक्ट्री के पुराने भवन से लोहा सहित अन्य पुरानी सामग्री निकालने का काम कर रहे थे। बुधवार सुबह भी मजदूर जर्जर भवन में घुसकर लोहा निकाल रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण कमजोर हो चुकी भवन की दीवार अचानक धराशाई हो गई।

दीवार गिरते ही मौके पर मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। मलबे के नीचे दबे अकबर और नसीम को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही मदन महल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पुराने भवन से सामग्री निकालने के दौरान मजदूरों को कथित तौर पर हेलमेट सहित पर्याप्त सुरक्षा संसाधन उपलब्ध नहीं थे। जर्जर भवन में बारिश के बीच मजदूरों से काम कराया जा रहा था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या ठेका कंपनी द्वारा मजदूरों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए थे। पुलिस अब हादसे के कारणों के साथ ही ठेका कंपनी और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है।

मदन महल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि पुराने भवन से सामग्री निकालने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों और मजदूरों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button