तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर का पुलिस ने निकाला जुलूस, देखे वीडियो

तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर का पुलिस ने निकाला जुलूस, देखे वीडियो
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पुराने शहर में दहशत फैलाने और रंगदारी दिखाने वाले एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। तलैया थाना क्षेत्र के इतवारा इलाके में देर रात करीब दो बजे तलवार लहराकर लोगों को धमकाने वाले बदमाश अदनान बच्चा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के तहत पुलिस ने आरोपी का उसी इलाके से जुलूस भी निकाला, जहां उसने हथियार लहराया था।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हिस्ट्रीशीटर अदनान बच्चा, जिसके खिलाफ पूर्व से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं, देर रात सड़क पर हाथ में तलवार लेकर उतरा था। वह खुलेआम हथियार लहराते हुए आओ देख लूंगा तुम सबको कहकर लोगों में खौफ पैदा करने की कोशिश कर रहा था। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को देर रात ही गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिए। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को उसी स्थान पर ले गई और उसका जुलूस निकाला, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिस का इकबाल कायम रहे।
एसीपी संतोष पटेल ने बताया कि अदनान बच्चा पुलिस की गुंडा सूची में शामिल है। उसने रंगदारी जमाने के लिए तलवार लहराकर लोगों को धमकाया था। पुलिस ने तुरंत कदम उठाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे जेल भेज दिया है।







