भोपाल

एसआईटी की जांच पूरी, मंत्री विजय शाह मामले की रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश

एसआईटी की जांच पूरी, मंत्री विजय शाह मामले की रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश
भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह की कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में विशेष जांच टीम ने अपनी जांच पूरी कर ली है। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान एसआईटी की ओर से अदालत को बताया गया कि जांच पूरी होने के बाद इसकी रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष पेश कर दी गई है। अब मामले में आगे की कार्रवाई के लिए अभियोजन की मंजूरी पर राज्यपाल के फैसले का इंतजार है।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहन की पीठ के समक्ष सुनवाई हुई। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल केएम नटराज ने बताया कि विजय शाह के खिलाफ अभियोजन चलाने के लिए राज्य सरकार की ओर से सिफारिश की जा चुकी है। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय अभी राज्यपाल के स्तर पर लंबित है।
राज्यपाल के फैसले का इंतजार
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची ने कहा कि राज्यपाल को इस मामले में निर्णय लेने दिया जाना चाहिए। वहीं, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि जांच रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी के समक्ष जानी है। सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल अभियोजन की मंजूरी के मामले में हस्तक्षेप नहीं किया और राज्यपाल के निर्णय की प्रतीक्षा करने का रुख अपनाया।
विवादित बयान के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर
मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर कथित तौर पर विवादित टिप्पणी करते हुए उन्हें आतंकवादियों की बहन कहा था। बयान के बाद व्यापक विवाद खड़ा हुआ और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद मामले की जांच एसआईटी को सौंपी गई थी। शाह ने एफआईआर को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की।
अब एसआईटी की जांच पूरी होने और रिपोर्ट अदालत में पेश किए जाने के बाद मामले में अगला अहम कदम राज्यपाल के निर्णय को माना जा रहा है। अभियोजन की मंजूरी मिलने के बाद ही आगे की कानूनी प्रक्रिया की दिशा स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button