मध्य प्रदेशराज्य

अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में कार्यरत युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम

सतना यश भारत। सतना जिले के बाबूपुर बराज निवासी युवक अभिषेक सिंह की सीधी जिले स्थित बघवार की अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने बुधवार सुबह बाबूपुर चौकी के सामने शव रखकर सेमरिया मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Screenshot 20260729 135222.WhatsApp

परिजनों के अनुसार अभिषेक सिंह बघवार स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में एनपीएएस कंस्ट्रक्शन कंपनी के माध्यम से साइट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे वह ड्यूटी पर गया था। बाद में उसका शव गंभीर चोटों के साथ मिला। परिजनों का आरोप है कि युवक के सिर पर गहरी चोट थी, बाईं आंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी तथा शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान थे।

 

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना फैक्ट्री परिसर में हुई, लेकिन मामले को छिपाने के लिए शव को परिसर से बाहर नहर में फेंक दिया गया। उनका यह भी आरोप है कि उन्हें घटना की सूचना देर से दी गई और शाम के समय जल्दबाजी में पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों का कहना है कि बघवार पुलिस ने उनकी शिकायतों और आरोपों पर कोई कार्रवाई नहीं की तथा पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।

 

बुधवार सुबह गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने बाबूपुर चौकी के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सेमरिया मार्ग पर जाम लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

 

प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज करने, ₹50 लाख मुआवजा देने, दोबारा पोस्टमार्टम कराने, संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा ट्रैक खरीदने के लिए दिए गए ₹2.50 लाख वापस दिलाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने दो वर्षों के बकाया वेतन के रूप में ₹25,000 प्रतिमाह के हिसाब से ₹6 लाख दिलाने की भी मांग रखी।

 

समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और प्रशासनिक अधिकारी परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे। मामले में पुलिस और कंपनी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना शेष है। उल्लेखनीय है कि परिजनों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है तथा मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button