राजस्व प्रकरणों में देरी पर कलेक्टर सख्त, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश नामांतरण बंटवारा और सीमांकन के लंबित मामलों पर नाराजगी, लोक सेवा गारंटी में देरी पर कार्रवाई की चेतावनी

राजस्व प्रकरणों में देरी पर कलेक्टर सख्त, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
नामांतरण बंटवारा और सीमांकन के लंबित मामलों पर नाराजगी, लोक सेवा गारंटी में देरी पर कार्रवाई की चेतावनी
भोपाल, यश भारत। राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी को लेकर भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व अधिकारियों की बैठक में उन्होंने लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को तहसील कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और नामांतरण बंटवारा सीमांकन सहित अन्य मामलों की लगातार समीक्षा करने को कहा। बैठक में धारणाधिकार सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों भूमि आवंटन अपीलीय प्रकरण वन व्यवस्थापन और कॉलोनी सेल में दर्ज शिकायतों की समीक्षा की गई। आरसीएमएस पोर्टल पर अविवादित नामांतरण सीमांकन सहित अन्य प्रकरण लंबित मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने अगली राजस्व अधिकारी बैठक से पहले लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकरण को बिना उचित कारण निरस्त नहीं किया जाए। एसडीएम और तहसीलदार के आदेशों की तामील में पटवारियों द्वारा अनावश्यक विलंब किए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लोक सेवा गारंटी में देरी पर क्षतिपूर्ति
लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली राजस्व सेवाओं को निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी लोक सेवा गारंटी प्रकरण समय सीमा से बाहर नहीं होना चाहिए। देरी होने पर संबंधित अधिकारी कर्मचारी पर कार्रवाई के साथ पात्र हितग्राही को नियमानुसार क्षतिपूर्ति भी दिलाई जाएगी।
अवैध कॉलोनियों पर संयुक्त कार्रवाई
कॉलोनी सेल की शिकायतों के निराकरण के लिए नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर कॉलोनियों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ जिले में विकसित अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए भू अर्जन की प्रक्रिया भी समयबद्ध पूरी करने को कहा गया। बैठक में अपर कलेक्टर सुमित पांडेय महेंद्र कवचे प्रकाश नायक पी.सी. शाक्य सहित सभी एसडीएम तहसीलदार और संबंधित राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।







