किसान आंदोलन की आहट से सीएम हाउस की सुरक्षा बढ़ाई, प्रशासन अलर्ट, 11 मील पर भारी पुलिस बल तैनात, देखे वीडियो

किसान आंदोलन की आहट से सीएम हाउस की सुरक्षा बढ़ाई, प्रशासन अलर्ट, 11 मील पर भारी पुलिस बल तैनात, देखे वीडियो
भोपाल, यश भारत। किसानों के संभावित आंदोलन को देखते हुए राजधानी में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्यमंत्री निवास की सुरक्षा बढ़ाते हुए आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं 11 मील रोड पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की निगरानी और चेकिंग शुरू की गई है। नर्मदापुरम के अलावा अन्य जिलों से किसान भोपाल आ रहे हैं। किसानों की मांग है की मूंग की खरीदी जल्दी की जाए साथ खाद का ई टोकन सिस्टम दुरुस्त किया जाए।
संभावित प्रदर्शन को देखते हुए 11 मील रोड से शहर की ओर आने वाले मार्ग पर पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। प्रमुख स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके। पुलिसकर्मियों द्वारा वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री निवास के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत
किसानों के राजधानी में जुटने की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री निवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल लगाया गया है। अधिकारियों द्वारा सुरक्षा इंतजामों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारी की है। आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि मुख्य मार्गों पर दबाव न बढ़े। पुलिस अधिकारियों को स्थिति के अनुसार तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
हर गतिविधि पर निगरानी
प्रशासन की ओर से संभावित आंदोलन को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस बल को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा संबंधी इंतजाम एहतियाती तौर पर किए गए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था के साथ आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित न हो।
फिलहाल 11 मील क्षेत्र से लेकर मुख्यमंत्री निवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सख्त है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं। खबर लिखें जाने तक किसानों को ओबेदुल्लागंज के पास रोक दिया गया था। किसानों की मांग है की उन्हें भोपाल जाने दिया जाए।







