भोपालमध्य प्रदेश

जिंसी रोड पर गड्ढों का जाल, हर सफर बन रहा हादसे का खतरा एमपी नगर से अशोका गार्डन जोड़ने वाली सड़क बदहाल नगर निगम के दावों पर जनता का सवाल , हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन?

जिंसी रोड पर गड्ढों का जाल, हर सफर बन रहा हादसे का खतरा

एमपी नगर से अशोका गार्डन जोड़ने वाली सड़क बदहाल

नगर निगम के दावों पर जनता का सवाल—हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन?

भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल में बेहतर सड़क और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के दावों के बीच एमपी नगर से अशोका गार्डन को जोड़ने वाली जिंसी रोड की बदहाल तस्वीर सामने आ रही है। सड़क जगह जगह से उखड़ चुकी है और गड्ढों के कारण रोजाना यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए सफर मुश्किल होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत अब केवल परेशानी नहीं बल्कि दुर्घटना का बड़ा कारण बनती जा रही है। जिंसी रोड शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। इस सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में दोपहिया चार पहिया वाहन और पैदल राहगीर गुजरते हैं। सड़क पर बने गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाते या दिशा बदलते हैं। ऐसे में पीछे से आ रहे वाहनों के टकराने और दोपहिया वाहन चालकों के अनियंत्रित होकर गिरने का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता जिससे दुर्घटना का जोखिम और बढ़ जाता है।

सड़क ठीक हो जाए तो आधी परेशानी खत्म , स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। कई जगह सड़क की सतह टूटने के साथ किनारे भी क्षतिग्रस्त हैं। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने पर स्थिति और खतरनाक हो जाती है। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा के काम नौकरी कारोबार और स्कूल कॉलेज के लिए इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को हर दिन गड्ढों से बचते हुए निकलना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को होती है। उनका कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय सड़क की मरम्मत तत्काल करानी चाहिए।

नगर निगम के दावों पर सवाल , राजधानी में सड़क और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावे किए जाते हैं लेकिन एजेंसी रोड की स्थिति इन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े करती है। सड़क की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की निगरानी में होने के बावजूद यदि प्रमुख मार्ग लंबे समय तक बदहाल रहता है तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि निरीक्षण और मॉनिटरिंग व्यवस्था आखिर कहां है।जनता का सीधा सवाल है अगर सड़क की बदहाली के कारण कोई बड़ा हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?स्थानीय लोगों ने नगर निगम से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत क्षतिग्रस्त हिस्सों का पुनर्निर्माण और सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क केवल आने जाने का रास्ता नहीं बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी और सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। अब देखना यह है कि शिकायतों और सवालों के बाद नगर निगम प्रशासन कार्रवाई करता है या फिर जिंसी रोड की बदहाली किसी बड़े हादसे के बाद ही नजर आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button