जबलपुरमध्य प्रदेश

सेंट एलॉयसियस स्कूल में हिंदू संगठन ने की तोड़फोड़,धर्म परिवर्तन के आरोप पर बवाल,देखे वीडियो …

पुलिस की मौजूदगी में हंगामा

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर के सेंट एलॉयसियस स्कूल में मंगलवार को धर्म परिवर्तन के कथित आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। शिकायत मिलने के बाद हिंदू संगठन से जुड़े बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्कूल परिसर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान परिसर में प्रवेश को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जबकि कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की भी सूचना है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा कुछ हिंदू कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि कर्मचारियों से चर्च में प्रार्थना करने के लिए कहा जाता है और ऐसा नहीं करने पर नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है।

हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, स्कूल के कुछ कर्मचारियों ने इस संबंध में उनसे शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर किया।

इसी बीच स्कूल के एक सफाई कर्मचारी राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि वह पिछले 12 वर्षों से संस्थान में कार्यरत है, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उस पर चर्च जाकर पूजा करने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जा रहा था। उसका कहना है कि विरोध करने पर बिना पूर्व सूचना के उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया कि उससे रविवार और सरकारी अवकाश के दिनों में भी काम कराया जाता था।

घटना की सूचना मिलते ही विजय नगर, माढ़ोताल सहित आसपास के कई थाना क्षेत्रों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद हिंदू संगठन के प्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। वहीं, स्कूल प्रबंधन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना शेष है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button