छात्रों के लिए खुशखबरी : 166 छात्रों को मिलेगी स्कूटी, इलेक्ट्रिक के लिए 1.20 लाख, पेट्रोल गाड़ी के लिए मिलेंगे 90 हजार, सरकार ने नियमों में किया बदलाव, 70 प्रतिशत अंक लाने वाले ही होंगे पात्र

कटनी, यशभारत। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के नियमों में बदलाव कर दिया है। अब 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले टॉपर छात्र-छात्राओं को ही इस योजना का लाभ मिलेगा। अभी तक ऐसा होता था कि 70 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले टॉपर छात्र-छात्राओं को इस योजना के तहत लाभांवित किया जाता था लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। जानकारी के मुताबिक नए नियमों के तहत जिले में 166 छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का चयन किया गया है। कटनी की बात करें तो जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं की जानकारी पोर्टल पर ऑनलाइन फीडिंग कर दी है लेकिन कई जिलों से अब तक विद्यार्थियों का डेटा पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सका है, जिससे इस योजना के क्रियान्वयन में देरी के कारण हजारों मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी मिलने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। खास बात यह है कि चयनित छात्रों से कोटेशन लिया जाएगा कि वे इलेक्ट्रिक स्कूटी लेना चाहते हैं या फिर पेट्रोल से चलने वाली गाड़ी। छात्रों के कोटेशन के आधार पर इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए 1 लाख 20 हजार रूपए और पेट्रोल से चलने वाली गाड़ी के लिए 90 हजार रूपए ऑनलाइन बैंक एकाउंट में ट्रांसफर किए जाएंगे।
योजना के क्रियान्वयन में देरी
इस बार योजना के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं होने से हजारों विद्यार्थियों को इंतजार करना पड़ सकता है। योजना के लिए बजट एस्टीमेशन एंड मॉनिटरिंग सिस्टम बीईएमएस में विद्यार्थियों के बैंक खाते सहित पूरी जानकारी 31 जुलाई तक दर्ज करना अनिवार्य है लेकिन अंतिम तिथि में अब केवल चार दिन शेष हैं और कई ग्रामीण जिलों से अब तक डेटा पोर्टल पर अपलोड ही नहीं हो पाया है। इसी तरह मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के तहत इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले करीब मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25.25 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। अब तक लैपटॉप प्रोत्साहन राशि वितरण की तारीख घोषित नहीं की गई है।
इनका कहना है
सहायक संचालक राजेश अग्रहरि ने बताया कि राज्य सरकार की 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने वाली मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के नियमों में बदलाव किया गया है। इस वर्ष स्कूटी के लिए मेधावी की श्रेणी में वही विद्यार्थी शामिल होंगे, जिनके 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक आएंगे। अभी तक योजना के तहत शासकीय स्कूलों की 12वीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दो मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी या उसके लिए निर्धारित वित्तीय सहायता प्रदान की जाती थी। इसके लिए 60 प्रतिशत अंक लाने वाला भी अगर स्कूल का टॉपर है तो उसे स्कूटी प्रदान की जाती थी।






