सीसीटीवी में कैद हुई बकरी चोरी, बाइक पर बकरियां ले गए तीन चोर : सूचना देने वाले को 2000 इनाम की घोषणा… देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में इन दिनों बकरी चोरों का गिरोह सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। देर रात सुनसान का फायदा उठाकर पशुधन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला कुरई थाना क्षेत्र के परतापुर गांव से सामने आया है, जहां देर रात तीन अज्ञात युवक एक बाइक पर दो बकरियां चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परतापुर निवासी पशुपालक बसती राम पिता अंत राम गवारा ने कुरई थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि रविवार देर रात करीब तीन युवक उनकी दो बकरियां चोरी कर ले गए। सुबह जब उन्होंने बकरियों को नहीं पाया तो आसपास तलाश की गई। इसके बाद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर दो बकरियों को ले जाते हुए स्पष्ट दिखाई दिए।
घटना की सूचना मिलते ही कुरई पुलिस ने शिकायत दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस आसपास के गांवों और संभावित मार्गों पर भी जानकारी जुटा रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
पीड़ित पशुपालक बसती राम ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को चोरी में शामिल आरोपियों के बारे में कोई भी पुख्ता जानकारी मिलती है तो वह तत्काल पुलिस अथवा उन्हें सूचित करे। उन्होंने जानकारी देने वाले व्यक्ति को ₹2000 का नकद इनाम देने की भी घोषणा की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पशुधन ग्रामीणों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। ऐसे में बकरी चोरी जैसी घटनाएं पशुपालकों के लिए आर्थिक नुकसान का कारण बन रही हैं। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और गांवों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने भी नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें, ताकि पशुधन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।






