AI का दुरुपयोग : मां शारदा मंदिर में बाढ़ का फर्जी वीडियो वायरल, पुलिस ने जारी की चेतावनी… देखें पूरा वीडियो

मैहर। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक का दुरुपयोग अब धार्मिक स्थलों और जनभावनाओं को प्रभावित करने तक पहुंच गया है। मैहर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां शारदा मंदिर में भीषण बाढ़ आने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने इसे पूरी तरह फर्जी और AI तकनीक से तैयार किया गया वीडियो बताया है।
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) महेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो का वास्तविक घटनाओं से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि मैहर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और क्षेत्र में इतनी वर्षा भी नहीं हुई कि मंदिर परिसर में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो। प्रथम दृष्टया यह वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की सहायता से तैयार कर लोगों को भ्रमित करने तथा धार्मिक नगरी मैहर की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है।
सीएसपी महेंद्र सिंह ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो, फोटो या संदेश पर बिना सत्यापन विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने, भ्रामक सामग्री प्रसारित करने अथवा फर्जी वीडियो वायरल करने वालों के विरुद्ध साइबर कानूनों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, AI तकनीक शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुसंधान और विज्ञान जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं लेकर आई है, लेकिन इसका दुरुपयोग डीपफेक वीडियो और फर्जी समाचार तैयार करने में किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। इस प्रकार की भ्रामक सामग्री न केवल लोगों में भ्रम और भय का वातावरण पैदा करती है, बल्कि धार्मिक स्थलों, प्रशासन और समाज की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती है।
डिजिटल युग में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह किसी भी वायरल सामग्री की सत्यता की जांच किए बिना उसे साझा न करे। जागरूकता और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार ही फर्जी खबरों और AI आधारित दुष्प्रचार पर प्रभावी रोक लगाने का सबसे सशक्त माध्यम है ।







