तालाब में स्विफ्ट कार गिरने से 5 लोगों की मौत, दरवाजे लॉक होने से पानी में फंसे

तालाब में स्विफ्ट कार गिरने से 5 लोगों की मौत, दरवाजे लॉक होने से पानी में फंसे
भोपाल,यशभारत। राजधानी से लगे राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत भीलखेड़ी जोड़ के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी, जिससे कार में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार MP09 CC 6414 काफी तेज गति में थी और अचानक नियंत्रण खोने से सीधे तालाब में समा गई। हादसे के वक्त कार के खिड़की-दरवाजे पूरी तरह बंद और लॉक थे, जिसके कारण उसमें सवार लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके और पानी में डूबने से उनकी जान चली गई।
ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही खुजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल खुजनेर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
रेस्क्यू के दौरान निकाले गए चार लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक व्यक्ति की सांसें चल रही थीं। उसे तत्काल सीपीआर दिया गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी पांचों लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान करने और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है।







